नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सिंचाई विभाग के ग्रुप-D कर्मचारियों को प्रोन्नत वेतनमान देने के एकलपीठ के फैसले को बरकरार रखते हुए राज्य सरकार की विशेष अपील खारिज कर दी है। मुख्य न्यायाधीश (कार्यवाहक) मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने यह महत्वपूर्ण आदेश पारित किया।
मामले के अनुसार, राज्य सरकार ने एकलपीठ के 20 जुलाई 2018 के फैसले को विशेष अपील के माध्यम से चुनौती दी थी। यह फैसला भगत सिंह और अन्य कर्मचारियों की ओर से दायर याचिका पर सुनाया गया था। कर्मचारियों ने 2 दिसंबर 2000 के शासनादेश के तहत प्रोन्नत वेतनमान दिए जाने की मांग की थी। इस शासनादेश के अनुसार, 14 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने पर कर्मचारियों को अगले उच्च पद यानी ग्रुप-C का वेतनमान दिए जाने का प्रावधान है।
हालांकि, मुख्य अभियंता ने 23 अगस्त 2005 और 19 जुलाई 2007 के शासनादेशों का हवाला देते हुए कर्मचारियों का प्रत्यावेदन खारिज कर दिया था। इसके बाद कर्मचारियों ने न्यायालय का रुख किया।
हाईकोर्ट की खंडपीठ ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि प्रोन्नत वेतनमान की पात्रता का निर्धारण उस शासनादेश के आधार पर किया जाएगा, जो संबंधित कर्मचारी की पात्रता पूरी होने की तिथि पर लागू था। अदालत ने पाया कि अधिकांश कर्मचारी राज्य पुनर्गठन यानी 9 नवंबर 2000 से पहले ही 14 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके थे।
वहीं, याचिकाकर्ता संख्या छह की पात्रता 31 दिसंबर 2004 को पूरी हुई थी। अदालत ने कहा कि बाद में जारी शासनादेशों के आधार पर कर्मचारियों के पहले से अर्जित अधिकारों को समाप्त नहीं किया जा सकता।
इस आधार पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की विशेष अपील खारिज करते हुए ग्रुप-D कर्मचारियों को प्रोन्नत वेतनमान देने संबंधी एकलपीठ के फैसले को सही ठहराया।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal