- देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक और वन विभाग में दो अहम फैसले किए हैं। शासन ने ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से हटाकर प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम को सौंप दी है। वहीं, लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे भारतीय वन सेवा के अधिकारी बीके गांगटे को प्रमुख वन संरक्षक (Principal Chief Conservator of Forests) के पद पर पदोन्नति दी गई है। इन दोनों फैसलों को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और वन विभाग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आर. मीनाक्षी सुंदरम संभालेंगे तीनों ऊर्जा निगमों की कमान
शासन के फैसले के अनुसार अब प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम उत्तराखंड के तीनों ऊर्जा निगमों के बोर्ड अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। इनमें उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL), पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (PTCUL) और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) शामिल हैं।
इससे पहले ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के पास था। मुख्य सचिव बनने के बाद से ही वह इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे थे। उनसे पहले मुख्य सचिव रहीं राधा रतूड़ी के पास भी ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष का दायित्व रहा था। अब शासन ने जिम्मेदारी में बदलाव करते हुए यह दायित्व आर. मीनाक्षी सुंदरम को सौंप दिया है।
बीके गांगटे को प्रमुख वन संरक्षक पद पर पदोन्नति
वहीं, वन विभाग में भी शासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे भारतीय वन सेवा के अधिकारी बीके गांगटे को प्रमुख वन संरक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई है। इसके लिए शासन की ओर से अस्थायी पद का सृजन किया गया है। इस फैसले से वन विभाग में वरिष्ठ स्तर पर पदोन्नति का रास्ता साफ हुआ है।
शासन के इन दोनों फैसलों से ऊर्जा निगमों के प्रशासनिक संचालन और वन विभाग की वरिष्ठ पदस्थापना में बदलाव देखने को मिलेगा।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal