देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कर्मचारियों के मानदेय, स्वास्थ्य सेवाओं, शहरी परिवहन, भूमि नियमितीकरण और चिकित्सा शिक्षा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए।
कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को मंजूरी दी गई है। इसके बाद आशा कार्यकर्ताओं को मिलने वाला मानदेय 8300 रुपये से बढ़कर 10 हजार रुपये प्रतिमाह हो जाएगा।
वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। मंत्रिमंडल ने इस संबंध में अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया है।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान खनन की बढ़ी हुई दरों के आधार पर रॉयल्टी में वृद्धि नहीं किए जाने की बात भी कही।
कैबिनेट के प्रमुख फैसले
1. आशा कार्यकर्ताओं को राहत: आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी को मंजूरी। अब उन्हें 8300 रुपये के स्थान पर 10 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
2. आंगनबाड़ी कर्मियों का मानदेय: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया।
3. सफाई कर्मचारी आयोग: उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को मंजूरी।
4. सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली: सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई। इसके तहत संगठित कर्मकारों के साथ असंगठित कर्मकारों को भी शामिल किया गया है।
5. फार्मासिस्ट भर्ती के नियमों में बदलाव: ESI में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया है। अब डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।
6. एक्स-रे तकनीशियन नियमावली: उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई।
7. हरिद्वार में बनेगा PRT सिस्टम: हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (PRT) सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया। इसके लिए लगभग 21.08 किलोमीटर का रूट निर्धारित किया गया है, जिस पर 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
8. भवन निर्माण नियमों में बदलाव: भवन उपयोग के आधार पर भूखंड क्षेत्रफल की सीमा का वर्गीकरण करते हुए भवन निर्माण एवं विकास उपविधि विनियम, 2011 के मानकों में स्थलीकरण को मंजूरी दी गई।
9. महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क: महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन के लिए निर्धारित शुल्कों की दरों को कम करने का निर्णय लिया गया।
10. पीजी डॉक्टरों के लिए दो साल का बॉन्ड: राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों को कोर्स पूरा करने के बाद दो साल तक राज्य में सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए दो साल का बॉन्ड भरना होगा। पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी दूर करना इसका उद्देश्य है।
11. वन भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक देने की दिशा में कदम: बापू ग्राम, बिंदुखत्ता सहित अन्य क्षेत्रों में वर्षों से वन भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक देने के लिए संबंधित क्षेत्रों को डीरिजर्व किए जाने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजने की मंजूरी दी गई। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में बसे लोगों की भूमि नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने को भी मंजूरी दी गई।
कैबिनेट बैठक में लिए गए इन फैसलों के माध्यम से राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, शहरी परिवहन और भूमि संबंधी मामलों पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
