देहरादून: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए देहरादून में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार की पोटली लेकर लोकभवन कूच किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने सरकार पर जमीनों की खरीद-फरोख्त, अवैध खनन, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं और भाई-भतीजावाद के आरोप लगाते हुए राज्यपाल के माध्यम से कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संविधान की शपथ दिलाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों पर सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने इन मुद्दों को लेकर राज्यपाल का ध्यान आकर्षित करने और निष्पक्ष जांच की मांग की।

लोकभवन कूच के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत और करण माहरा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस दौरान कुमारी शैलजा, गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत और करण माहरा ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए विभिन्न मुद्दों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
