Breaking News

श्रीनगर में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत, 9.13 करोड़ की 9 विकास योजनाओं की दी सौगात

Listen to this article

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को श्रीनगर के श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान श्रीनगर पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने सड़कों पर उतरकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 9.13 करोड़ रुपये की 9 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर करीब नौ साल बाद श्रीनगर में दोबारा शुरू हुई सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ पहल के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 2 लाख 1 हजार 530 रुपये के चेक प्रदान किए गए। वहीं 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट भी वितरित की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर के विकास को गति देने के लिए 9 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिक सुविधाएं मजबूत होंगी। नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि लौह पुरुष ने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पौड़ी जिले में भी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम यात्रा में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का लाभ स्थानीय निवासियों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड के विकास को नई दिशा दे रही हैं। चारधाम को ऑल वेदर रोड से जोड़ने का कार्य किया गया है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बच्चों के साथ उनका संवाद भी आकर्षण का केंद्र रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

About The Author

Check Also

उत्तराखंड में नौकरशाही के दो बड़े बदलाव, मीनाक्षी सुंदरम बने ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष; बीके गांगटे को प्रमोशन

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *