Breaking News

उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन की तैयारियों का होगा व्यापक अभ्यास, 28 नवंबर को 300 स्थानों पर मॉक ड्रिल

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और राहत एवं बचाव व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के सभी 13 जनपदों के अधिकारियों और संबंधित विभागों ने प्रतिभाग किया। वहीं, आगामी 28 नवंबर को राज्य के 250 से 300 स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को राज्य आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इसी के तहत आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज की अध्यक्षता सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने की।

अभ्यास के दौरान विभिन्न संभावित आपदा परिदृश्यों के आधार पर सभी जनपदों की पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिस्थितियां देकर यह परखा गया कि आपात स्थिति में सूचना मिलने से लेकर राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा और राहत सामग्री पहुंचाने तक किस तरह कार्रवाई की जाएगी।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के दौरान प्रतिक्रिया व्यवस्था की तत्परता और प्रभावशीलता का आकलन करना है। आपदा के समय कुछ मिनट भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में प्रत्येक जनपद में विभिन्न एजेंसियों की जिम्मेदारी, संसाधनों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था और कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली स्पष्ट होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान से सीख मिली है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर समन्वय, स्पष्ट भूमिका, विशेषज्ञता और त्वरित निर्णय से लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसी अनुभव के आधार पर राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

28 नवंबर को 250 से 300 स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल

सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि 28 नवंबर को प्रदेश के सभी 13 जनपदों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। राज्य स्तर से लेकर तहसील और स्थानीय स्तर तक लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास होगा।

इस दौरान उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF), हिमस्खलन, अतिवृष्टि, जंगल की आग, टनल एवं सड़क दुर्घटना, भवन क्षति, आगजनी, औद्योगिक और रासायनिक दुर्घटना जैसी परिस्थितियों को आधार बनाया जाएगा। इसके अलावा विद्युत दुर्घटना, बांध एवं जलाशय से अचानक जल प्रवाह, हेली इमरजेंसी और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी स्थितियों से निपटने का भी अभ्यास होगा।

राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का होगा परीक्षण

मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना और संचालन का भी अभ्यास किया जाएगा। इनमें बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार और गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता परखी जाएगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों की तैनाती का भी अभ्यास किया जाएगा।

आपदा प्रबंधन में समुदाय की भागीदारी पर जोर

विनोद कुमार सुमन ने कहा कि आपदा के समय स्थानीय समुदाय सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाली इकाई होता है। इसलिए इस बार मॉक ड्रिल में समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसमें पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बलों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, रेड क्रॉस और स्थानीय स्वयंसेवी समूहों को शामिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समुदाय को केवल आपदा के प्रति जागरूक करना नहीं, बल्कि उसे प्रशिक्षित और सक्षम बनाकर प्रारंभिक प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना है।

आधुनिक उपकरणों का होगा प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के दौरान एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की ओर से आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों और आपदा प्रतिक्रिया वाहनों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही इन उपकरणों के संचालन का अभ्यास भी किया जाएगा।

सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में भी होंगे कार्यक्रम

राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत सरकारी कार्यालयों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और कर्मचारियों की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। विद्यालयों में भी मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम, वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

इसके अलावा विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

सचिव आपदा प्रबंधन ने कहा कि 28 नवंबर केवल सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को याद करने का दिन नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और उन्हें मजबूत बनाने का अवसर भी है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मॉक ड्रिल पूरी गंभीरता से आयोजित करने तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की कि वे मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लें और प्रशासन एवं बचाव दलों का सहयोग करें।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी, डिप्टी कमांडेंट जनरल राजीव बलूनी, एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों एवं जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Check Also

इफ्फी 2026 में प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram प्रसार भारती ने 57वें भारतीय …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *