हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मंगलौर के समग्र विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं।
क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले के निर्माण तथा लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर पुल बनाने की घोषणा की। इसके अलावा मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध और ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण कराने की भी घोषणा की।
ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। वहीं, गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी इसमें वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
मंगलौर में विकास की अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। यहां के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इन्हें अवसरों में बदलने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कई कार्य किए गए हैं। नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। वहीं, लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
एक हजार से अधिक परिवारों को मिले आवास
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण किया गया है। क्षेत्र के 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।
जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
किसानों के हित में उठाए गए कई कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि लागत कम करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखण्ड के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निःशुल्क की गई है। फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी मिल रहा है।
बिना भेदभाव पात्र लोगों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और निःशुल्क राशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना भेदभाव पहुंचाया जा रहा है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।
36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था और युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी गई हैं। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना और मातृशक्ति का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
