Breaking News

संविधान के आदर्शों को व्यवहार और कार्यशैली में उतारें : मुख्यमंत्री धामी

Listen to this article

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुलिस लाइन, देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रमों के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाओं हेतु अतिरिक्त धनराशि देने तथा प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश की न्याय व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना और डॉ. महेश कुड़ियाल, ललित जोशी सहित सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करने, तथ्यों को न्यायालय के समक्ष निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की है। उनकी विधिक दक्षता और निष्पक्षता से आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने औपनिवेशिक काल के आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू कर आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को भी न्याय तक पहुंचने में आसानी हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित किया जाए। देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलना राज्य सरकार का संकल्प है।

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Check Also

उत्तराखंड में नौकरशाही के दो बड़े बदलाव, मीनाक्षी सुंदरम बने ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष; बीके गांगटे को प्रमोशन

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *