Breaking News

मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर शोभायात्रा में किया प्रतिभाग, सफाई कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने का ऐलान

Listen to this article

देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून नगर निगम में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों का मानदेय जल्द बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस संबंध में यथाशीघ्र बैठक आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके ज्ञान, कर्म और समाज के प्रति योगदान से होती है। उन्होंने समानता, बंधुत्व और सामाजिक समरसता पर बल देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण सत्य, धर्म, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। सनातन संस्कृति सदैव प्रेम, सद्भाव, समानता और मानवीय गरिमा का सम्मान करने का संदेश देती रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण और मंदिर परिसर में महर्षि वाल्मीकि, निषादराज तथा माता शबरी को स्थान दिया जाना सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों, वंचितों, अनुसूचित जाति-जनजाति और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों परिवार लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और सम्मान प्रदान करना विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को कक्षा एक से 12वीं तक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। इन विद्यार्थियों के लिए 15 निःशुल्क छात्रावास, पांच आवासीय विद्यालय और तीन आईटीआई संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अटल आवास योजना को पुनः प्रारंभ करते हुए आवासहीन अनुसूचित वर्ग के परिवारों को घर बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता देने की व्यवस्था की है। सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए अंतरजातीय विवाह करने पर 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। वहीं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए भी 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड ऋषि-मुनियों की तपस्या, देवस्थलों की आस्था और प्राचीन परंपराओं से समृद्ध देवभूमि है। सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती मिले और युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने विश्वास जताया कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार किया जाएगा।

इस अवसर पर देहरादून के मेयर श्री सौरभ थपलियाल, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री भगवत प्रसाद मकवाना, महानगर भाजपा अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, श्री श्याम अग्रवाल, श्री अशोक वर्मा, नगर आयुक्त श्री आलोक पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Check Also

उत्तराखंड में नौकरशाही के दो बड़े बदलाव, मीनाक्षी सुंदरम बने ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष; बीके गांगटे को प्रमोशन

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *