Breaking News

मेघालय के जल और वन संरक्षण मॉडल का अध्ययन कर रहा उत्तराखंड का दल, चम्पावत की समितियों को मिलेगा लाभ

Listen to this article

 देहरादून: उत्तराखंड में पारंपरिक जल स्रोतों (धारा-नौला) के पुनर्जीवन और सामुदायिक वन संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश का एक दल मेघालय के संरक्षण मॉडल का अध्ययन कर रहा है। स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) और जनपद चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का संयुक्त दल 25 से 27 नवंबर तक शिलांग के तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर है।

इस भ्रमण में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, वन एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों सहित कुल 13 प्रतिनिधि शामिल हैं। भ्रमण के दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने दल को राज्य में संचालित विभिन्न जल एवं वन संरक्षण परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) से वित्तपोषित MEGALIFE और जर्मन विकास बैंक (KfW) से वित्तपोषित MEGARISE परियोजनाएं प्रमुख हैं।

वन संरक्षण के बदले हर साल 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर प्रोत्साहन

अध्ययन भ्रमण के दौरान दल ने MEGALIFE परियोजना के तहत संचालित पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज (PES) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मॉडल के तहत प्राकृतिक वन क्षेत्रों के संरक्षण के बदले स्थानीय समितियों को प्रति हेक्टेयर प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है।

शिलांग के एक गांव की समिति ने इस मॉडल के माध्यम से 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र का संरक्षण किया है। वर्तमान में समिति के खाते में सामुदायिक विकास के लिए लगभग 15 लाख रुपये की धनराशि जमा है। इस मॉडल के माध्यम से स्थानीय समुदायों को वन संरक्षण से जोड़ने के साथ आर्थिक प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है।

बायोचार और कार्बन क्रेडिट से ग्रामीणों को मिलेगा आर्थिक लाभ

भ्रमण के दौरान SARRA के उपनिदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी निरीक्षण किया। मई 2026 में MBDA, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) और एक निजी संस्था के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत शुरू किए गए इस पायलट प्रोजेक्ट में बायोचार उत्पादन और उससे प्राप्त होने वाले कार्बन क्रेडिट के माध्यम से स्थानीय समुदायों को आर्थिक लाभ पहुंचाने पर काम किया जा रहा है। इस दौरान कोर कार्बन एक्स (Core Carbon X) के प्रतिनिधियों ने तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया।

इसके अलावा दल ने मेघालय में अपनाई जा रही एग्रोफॉरेस्ट्री यानी कृषि वानिकी तकनीकों का भी अध्ययन किया।

अधिकारियों के अनुसार, मेघालय का PES मॉडल, सामुदायिक सहभागिता और कार्बन क्रेडिट आधारित पहल उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं। इन अनुभवों को चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों से जोड़कर पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन, वन संरक्षण और स्थानीय समुदायों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जा सकता है।

About The Author

Check Also

सिंचाई विभाग के ग्रुप-D कर्मचारियों को बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने प्रोन्नत वेतनमान देने का फैसला रखा बरकरार

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सिंचाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *