टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और जल क्रीड़ा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टिहरी गढ़वाल के मुनि की रेती और कोडियाला क्षेत्र में रिवर राफ्टिंग के दो प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान, गुलमर्ग की ओर से केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इन पाठ्यक्रमों में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों को गंगा नदी में राफ्टिंग, सुरक्षा और बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पहले प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के लिए 27 प्रतिभागियों ने रिपोर्ट किया है, जिनमें छह महिलाएं भी शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को तैराकी, पैडलिंग, टीम वर्क, खोज एवं बचाव कार्य तथा प्राथमिक उपचार से जुड़ी तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
संस्थान की ओर से संचालित पहला पाठ्यक्रम बेसिक रिवर राफ्टिंग का है, जबकि दूसरा पाठ्यक्रम बेसिक एवं एडवांस रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण के रूप में आयोजित किया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को राफ्टिंग के दौरान जरूरी कौशल और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जा रहा है।
गौरतलब है कि भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान की ओर से हाल ही में टिहरी झील में वॉटर स्कीइंग का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया था। रिवर राफ्टिंग और वॉटर स्कीइंग जैसी गतिविधियों से क्षेत्र में जल क्रीड़ा को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
