देहरादून में IWMI और IIT रुड़की की संयुक्त पहल, विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक मॉडलिंग और बहु-विभागीय समन्वय पर दिया जोर
देहरादून। उत्तराखंड में जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) की बढ़ती चुनौतियों से निपटने तथा सोंग नदी के संरक्षण और कायाकल्प के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (IWMI) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में 23 और 24 नवंबर को आयोजित इस कार्यशाला में नदी बेसिन स्तर पर जल प्रदूषण और जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीतियों पर चर्चा की जा रही है।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि सचिव जलागम एवं मुख्य परियोजना निदेशक, WMD दिलीप जावलकर ने कहा कि सोंग नदी के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना और उसका कायाकल्प करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए जल प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि नदी की पारिस्थितिकी और जनस्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रह सकें

कार्यशाला में सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण और AMR के हॉटस्पॉट की पहचान के लिए जल गुणवत्ता निगरानी, जलविज्ञान मॉडलिंग, डिजिटल ट्विन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित पूर्वानुमान प्रणालियों के उपयोग पर भी चर्चा की जा रही है। इसके साथ ही नदी के पुनर्जीवन के लिए साझा वन हेल्थ फ्रेमवर्क और विभिन्न क्षेत्रों में प्रदूषण एवं AMR को कम करने के लिए समाधान आधारित कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
IIT रुड़की के प्रो. सुमित सेन ने सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटने के लिए एकीकृत मॉडलिंग और वैज्ञानिक आकलन की आवश्यकता बताई। उन्होंने SWAT और BFTM मॉडलिंग के माध्यम से नदी बेसिन की वर्तमान स्थिति तथा विभिन्न हस्तक्षेपों के संभावित प्रभावों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तैयार योजनाएं नदी कायाकल्प के प्रयासों को अधिक प्रभावी बना सकती हैं।
कार्यशाला में सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य, नदी कायाकल्प से जुड़े विभागों के साथ ICAR, BAIF, WHO और विभिन्न शोध एवं सरकारी संस्थानों के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न विभागों और संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित कर सोंग नदी बेसिन के संरक्षण, जल गुणवत्ता में सुधार और जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए व्यावहारिक समाधान विकसित करना है।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
