Breaking News

भ्रष्टाचार के खिलाफ धामी सरकार का सख्त रुख, छोटे कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक पर कार्रवाई

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई का रुख अपनाया है। सरकार का कहना है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पारदर्शी, जवाबदेह और ईमानदार शासन व्यवस्था स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सतर्कता विभाग (विजिलेंस) को स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं के मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई से दिया सख्त संदेश

सरकार के अनुसार, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध भी कदम उठाए गए हैं। हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों सहित कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, आय से अधिक संपत्ति के मामले में आईएएस अधिकारी राम विलास यादव के विरुद्ध भी कार्रवाई हुई।

इसके अलावा होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद से जुड़ी अनियमितताओं और उत्तराखंड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों के मामलों में भी कार्रवाई की गई। सरकार का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में पद और प्रभाव के आधार पर किसी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।

1064 ऐप से सीधे दर्ज करा सकते हैं भ्रष्टाचार की शिकायत

भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सतर्कता विभाग का 1064 ऐप आम नागरिकों के लिए शिकायत दर्ज कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। इसके जरिए नागरिक रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सीधे दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों का परीक्षण करने के बाद विजिलेंस आवश्यक कार्रवाई करती है, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा जाता है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को आसान बनाना और भ्रष्टाचार के खिलाफ आम जनता की भागीदारी बढ़ाना है।

विजिलेंस को मजबूत करने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में प्रभावी जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विजिलेंस विभाग को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही न्यायालयों में मामलों की प्रभावी पैरवी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है या अपने पद का दुरुपयोग करता है, तो इसकी सूचना बिना किसी डर के सतर्कता विभाग को दें।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प होना चाहिए। जनसहयोग से ही भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

About The Author

Check Also

चम्पावत को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram  देहरादून/चम्पावत, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *