Breaking News

पवाणी गांव के अग्निकांड प्रभावित परिवारों को 5-5 लाख रुपये की सहायता देगी सरकार: मुख्यमंत्री धामी

Listen to this article

उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों के बीच बैठकर उनका दुख-दर्द साझा किया और प्रत्येक परिवार से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए सभी प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अग्निकांड में नष्ट हुए छह माह के राशन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों पर भी काम किया जाएगा। फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने और उनका पुनर्वास सुनिश्चित करने की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने इस अग्निकांड में अपने घर और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनके दुख को समझना बेहद जरूरी है। सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और किसी को भी अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे और राहत कार्यों की जानकारी ले रहे थे।

इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने तथा घटना के तत्काल बाद राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Check Also

उत्तराखंड में नौकरशाही के दो बड़े बदलाव, मीनाक्षी सुंदरम बने ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष; बीके गांगटे को प्रमोशन

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *