मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने की दोनों परियोजनाओं की समीक्षा, अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को प्रोजेक्ट मैनेजर तैनात करने के निर्देश
जमरानी बांध का कॉफर डैम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य, सौंग बांध परियोजना की प्रगति पर भी की समीक्षा
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति के फोटोग्राफ और वीडियो नियमित रूप से स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही कंक्रीटिंग और उत्खनन कार्यों की समयसीमा दर्शाते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार कर आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।
सौंग बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने मार्च तक निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुनर्वास से जुड़े कार्यों की अग्रिम तैयारियां पूरी करने और परियोजनाओं की संशोधित लागत के अनुमोदन से संबंधित सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने को कहा, ताकि भविष्य में निर्माण कार्यों में देरी न हो।
सौंग बांध परियोजना के तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध के साथ 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और करीब 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण किया जाना है। परियोजना की शेष लागत 2,491.96 करोड़ रुपये के लिए विशेष सहायता योजना के तहत प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 21 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।
वहीं, जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के तहत कार्यालय एवं आवासीय भवनों और सर्विस रोड का 90 प्रतिशत, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत, क्रशिंग एवं बैचिंग प्लांट का 75 प्रतिशत तथा कॉफर डैम का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य भी पूरा कर लिया गया है। बांध निर्माण कार्य जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
