देहरादून : उत्तराखण्ड पुलिस के गौरवशाली इतिहास में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित भव्य अलंकरण समारोह में उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी समारोह में मौजूद रहे। इस उपलब्धि के साथ उत्तराखण्ड राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त करने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है।

समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस परेड का निरीक्षण किया और 25 वर्षों की सेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान में उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान प्रदान किया। इस अवसर पर विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पुलिस के विशेष डाक आवरण एवं पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया।
उत्तराखण्ड पुलिस ने सेवा और समर्पण से बनाई पहचान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखण्ड पुलिस को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, कुंभ जैसे बड़े आयोजनों, पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी उत्तराखण्ड पुलिस बखूबी निभा रही है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के बीच पुलिस के जवानों ने अपने साहस एवं समर्पण का परिचय दिया है।

उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, फॉरेंसिक विज्ञान और डिजिटल प्रणाली के इस्तेमाल से जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। मई 2027 के बाद दर्ज होने वाले एफआईआर के मामलों में तीन वर्ष के भीतर दोषियों को सजा दिलाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि आम जनता को समयबद्ध न्याय मिल सके।

अमित शाह ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखण्ड पुलिस के 206 जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान, साइबर अपराधों की रोकथाम और आपदा प्रबंधन में पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
राष्ट्रपति पुलिस निशान उत्तराखण्ड पुलिस के गौरवशाली इतिहास का नया अध्याय

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सम्मान को उत्तराखण्ड पुलिस के साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की राष्ट्रीय मान्यता बताया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय पुलिस बल में लगभग 13 हजार जवान थे, जबकि आज 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मी प्रदेश की सुरक्षा में तैनात हैं। वर्तमान में उत्तराखण्ड पुलिस में महिलाओं की भागीदारी लगभग 14 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पिछले चार वर्षों में सात हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 307 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। ऑपरेशन स्माइल और ऑपरेशन मुक्ति के माध्यम से भी गुमशुदा बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर की स्थापना की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं, नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि जनता की सेवा और सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाने वाला गौरवपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखण्ड पुलिस भविष्य में भी अपनी कार्यशैली, साहस और समर्पण से प्रदेशवासियों का विश्वास मजबूत करती रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, तीरथ सिंह रावत और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
