हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज हो गया है। 13 अखाड़ों में प्रमुख श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों ने नगर प्रवेश कर कुंभ मेले की तैयारियों के बीच धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत कर दी है। श्यामपुर कांगड़ी से लेकर चंडी घाट चौक तक मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने साधु-संतों का भव्य स्वागत किया।
उत्तराखंड सरकार की ओर से अर्धकुंभ को पूर्ण कुंभ की तर्ज पर आयोजित करने की तैयारियों के बीच जूना अखाड़े के रमता पंच मुरादाबाद से हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने श्यामपुर कांगड़ी गांव में विश्राम किया। इस दौरान मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने रमता पंचों सहित अन्य संतों का स्वागत किया। इसके बाद संतों की टोली चंडी घाट चौक पहुंची, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया।
कुंभ मेले में अखाड़ों के रमता पंचों का नगर प्रवेश धार्मिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण पहला चरण माना जाता है। जूना अखाड़े के रमता पंच अब ज्वालापुर स्थित पांडेवाला पहुंचेंगे। यहां अखाड़े के संत करीब एक महीने तक अस्थायी रूप से विश्राम करेंगे। इसके बाद 14 जनवरी को जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई निकाली जाएगी। पेशवाई शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अखाड़े की छावनी पहुंचेगी। इसके बाद छावनी से ही अखाड़े की कुंभ मेले से जुड़ी धार्मिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
कुंभ मेला अधिकारी सोनिका ने कहा कि जूना अखाड़े के साधु-संतों के नगर प्रवेश के साथ ही कुंभ मेले का आगाज हो गया है। संतों के स्वागत के लिए कुंभ मेला प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस की पूरी टीम मौजूद रही।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal