रुड़की: आगामी जनगणना की तैयारियों और इससे संबंधित गतिविधियों के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों और डेटा ऑपरेटरों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जनगणना के तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों, विभागीय समन्वय, कार्मिकों की जिम्मेदारियों तथा डेटा संकलन और डिजिटलीकरण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में डेटा ऑपरेटरों को डेटा प्रविष्टि में शुद्धता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही संभावित समस्याओं के त्वरित समाधान और सूचनाओं के समयबद्ध आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।

बैठक में जनगणना तहसीलदार रुड़की, खंड शिक्षा अधिकारी रुड़की तथा मंगलौर, पाडली गुर्जर और पिरान कलियर नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
