देहरादून: मुख्यमंत्री ने ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ पत्रिका और ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ पुस्तिका का किया विमोचन, राज्य में दो साहित्य ग्राम स्थापित करने की घोषणा का किया उल्लेख
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को थानों स्थित लेखक गाँव में आयोजित लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लेखक गाँव की पत्रिका ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ और ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से निकले विचारों ने हमेशा समाज को प्रेरित करने और आगे बढ़ाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लेखक गाँव समाज को दिशा देने वाले विचारों का प्रतीक है। यह वर्तमान के साथ भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। लेखक गाँव प्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को नया मंच देने के साथ साहित्यिक मानचित्र पर उत्तराखंड को नई पहचान दिला रहा है।
उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी शब्दों के साधक थे। उनकी लेखनी में पर्वतों जैसी दृढ़ता और गंगा जैसी गहराई थी। उन्होंने सिखाया कि शब्द भी राष्ट्र निर्माण के सशक्त माध्यम बन सकते हैं।
उत्तराखंड की साहित्यिक विरासत को समृद्ध करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड प्राचीन काल से ही रचनात्मकता, ज्ञान और संस्कृति का केंद्र रही है। यहां के ऋषियों ने अनेक महान ग्रंथों की रचना की। राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य ने भी लेखकों, कवियों और विचारकों को हमेशा प्रेरित किया है। साहित्य हमारे मूल्यों, विचारों और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि लेखकों, कवियों और रचनाकारों ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान भी साहित्यकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से अहम भूमिका निभाई। लेखक और रचनाकार केवल शब्दों के सृजनकर्ता नहीं, बल्कि समाज के चिंतक और मार्गदर्शक भी होते हैं।
साहित्यकारों को सम्मान और अनुदान दे रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान, साहित्य भूषण और लाइफटाइम अचीवमेंट जैसे पुरस्कारों के माध्यम से प्रदेश के उत्कृष्ट साहित्यकारों को सम्मानित किया जा रहा है। इसके साथ ही हिंदी सहित विभिन्न स्थानीय भाषाओं में ग्रंथों के प्रकाशन के लिए साहित्यकारों को अनुदान भी दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को साहित्यिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम कर रही है। राज्य में दो साहित्य ग्राम स्थापित किए जा रहे हैं, जहां साहित्यकारों के लिए आवासीय सुविधाओं के साथ आधुनिक पुस्तकालय, संगोष्ठी कक्ष और अध्ययन स्थल विकसित किए जाएंगे। इससे साहित्यकारों को सृजन और अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा।
साहित्यिक धरोहर के संरक्षण के लिए उठाए जा रहे कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक और साहित्यिक धरोहर के पुनर्जागरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी प्रेरणा से राज्य सरकार उत्तराखंड के बिखरे हुए साहित्य को संकलित, संरक्षित और पुनर्स्थापित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ प्रदेश की समृद्ध विरासत को सहेजने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
सीमांत क्षेत्रों में बढ़ रहा पर्यटन और रिवर्स माइग्रेशन: अजय टम्टा
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से सीमांत क्षेत्रों में रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने आदि कैलाश और नीति-माणा क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और संपर्क सुविधाओं के कारण अब उन क्षेत्रों तक पहुंचना पहले की तुलना में काफी आसान हुआ है, जहां पहुंचने में पहले कई दिन लग जाते थे।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, हेमवती नंदन बहुगुणा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, प्रो. प्रदीप भारद्वाज, प्रो. राकेश सुंदरियाल, डॉ. विदुषी निशंक सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
