उत्तरकाशी: केदारताल ट्रैक पर लापता आठ पर्वतारोहियों की तलाश में रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। बीते दिन कई एजेंसियों की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाए जाने के बावजूद लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद सोमवार को एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की प्रशिक्षित टीम को हेलिकॉप्टर के माध्यम से उनकी आखिरी बताई गई लोकेशन पर पहुंचाने की तैयारी की गई।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में तीन स्थानों पर एवलांच आने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में आठों पर्वतारोहियों की सुरक्षित तलाश और उन्हें वापस लाना रेस्क्यू टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। वहीं, लापता स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा के परिजनों ने सोमवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से मुलाकात कर रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रखने की अपील की।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि केदारताल में रेस्क्यू अभियान के लिए देहरादून से हेलिकॉप्टर के माध्यम से टीमें भेजी जा रही हैं। निम के दो और एसडीआरएफ के छह सदस्यों समेत कुल आठ रेस्क्यू कर्मियों को हेलिकॉप्टर से क्षेत्र में उतारा गया है।
उन्होंने बताया कि हेलिकॉप्टर से भोजखड़क और कच्ची ढांग के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अभी तक लापता पर्वतारोहियों की लोकेशन या कोई अन्य सुराग नहीं मिल पाया है। एसडीआरएफ और निम की प्रशिक्षित टीम को हेलिकॉप्टर के माध्यम से अंतिम बताई गई लोकेशन पर पहुंचाकर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
