मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर उत्तराखण्ड के समग्र विकास, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखण्ड की पारंपरिक हस्तशिल्प कला, मलारी की हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा, शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा, लाल चावल और कुंभ-2027 की थीम पर आधारित मां गंगा की प्रतिकृति भेंट की।
मुख्यमंत्री ने कुंभ-2027 के लिए ₹500 करोड़, SASCI के तहत लगभग ₹9,500 करोड़, RDSS योजना में ₹3,436.08 करोड़ और चम्पावत बाईपास के लिए ₹199 करोड़ की स्वीकृति सहित विभिन्न परियोजनाओं में केंद्र के सहयोग के लिए आभार जताया।

बैठक में चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, देहरादून रिंग रोड, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन दोहरीकरण और किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषय भी उठाए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
