रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं केदारनाथ धाम पहुंचे और विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

मंगलवार को बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने केदारनाथ मंदिर में प्रवेश किया। इसके साथ ही कपाट बंद होने से संबंधित धार्मिक परंपराओं और अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया है। बुधवार को निर्धारित शुभ मुहूर्त में बाबा केदार के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस धार्मिक अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, पुलिस विभाग की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुचारु आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जा रहा है।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाएं तत्पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन, विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय और सुलभ सहित अन्य संबंधित विभाग भी अपने दायित्वों के निर्वहन में जुटे हैं।
जिला प्रशासन सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि बाबा केदार के कपाट बंद होने का पावन धार्मिक समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराया जाए।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
