Breaking News

एससी-एसटी उत्पीड़न के पीड़ितों को एक सप्ताह में सहायता देने के निर्देश

Listen to this article

प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीड़ित व्यक्तियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, लंबित प्रकरणों की समीक्षा करने और अत्याचार की घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की गई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान प्राप्त प्रकरणों में सहायता राशि की स्वीकृति एवं भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। प्रभारी जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासनादेश के अनुसार पीड़ित व्यक्तियों को एक सप्ताह के भीतर सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज करते समय पुलिस विभाग द्वारा पीड़ितों के जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आधार से जुड़े बैंक खाते की पासबुक के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति और मोबाइल नंबर प्राप्त कर समाज कल्याण विभाग को भेजने की कार्रवाई की जाए, ताकि सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर रोकथाम के प्रयास

बैठक में जनपद के उन क्षेत्रों को चिह्नित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया, जहां इस प्रकार की घटनाएं अधिक होती हैं। प्रभारी जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग और समिति के सदस्यों से इन क्षेत्रों में घटनाओं की रोकथाम और उनमें कमी लाने के लिए प्रभावी सुझाव देने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

समिति के सदस्यों से अनुरोध किया गया कि यदि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला आता है, जिसमें अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति के किसी पीड़ित की एफआईआर दर्ज नहीं हुई है अथवा उसे समाज कल्याण विभाग से आर्थिक सहायता नहीं मिली है, तो ऐसे प्रकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं। इससे नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रकरणों का प्रभावी निस्तारण करने और पीड़ितों को समय पर न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्राप्त प्रकरणों का भली-भांति परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।

समाज कल्याण अधिकारी ने दी सहायता राशि की जानकारी

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उत्पीड़न से संबंधित प्राप्त आवेदनों और पीड़ितों को उपलब्ध कराई गई सहायता राशि के संबंध में समिति के सदस्यों को जानकारी दी।

इस दौरान समिति के सदस्य गोपाल कुमार, ऋषिपाल सिंह, अनूप कुमार, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Check Also

हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram   हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *