देहरादून: पटेलनगर थाना क्षेत्र के नयागांव में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पटेलनगर पुलिस नयागांव क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। पीछा करने के दौरान बदमाशों की गोलीबारी से पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा।
एसपी सिटी देहरादून शेखर चंद सुयाल के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में घायलों ने कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
