Breaking News

जौनपुर महोत्सव में सीएम धामी ने दी विकास योजनाओं की सौगात, 52.55 करोड़ के 26 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास 

Listen to this article

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जौनपुर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने, धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने तथा पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये की योजना स्वीकृत करने की घोषणा की। भवन बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ पर्यटन, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

सीएम ने कहा कि टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों को करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण के साथ कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कद्दूखाल में 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पार्किंग का निर्माण भी कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पलायन रोकने के लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस ब्रांड की बिक्री 6 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। वहीं, राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। वहीं, गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का अनुवाद करने वाले साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को साहित्य एवं लोकभाषा संरक्षण में योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार, राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

About The Author

Check Also

मुख्यमंत्री ने मंगलौर में जन आशीर्वाद रैली को किया संबोधित, विकास कार्यों की घोषणाएं कीं

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *