Breaking News

जवानों के साथ मुख्यमंत्री धामी ने मनाई दीपावली, अपने हाथों से खिलाई मिठाई

Listen to this article

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गढ़ीकैंट स्थित गढ़वाल ग्रीन्स प्रशिक्षण मैदान में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में वीर जवानों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और देश की सुरक्षा में उनके साहस, शौर्य और समर्पण के प्रति आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाल रेजीमेंट के जवानों के बीच आकर उन्हें अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने जैसा अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब देशवासी अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाते हैं, तब वीर जवान सीमाओं पर मुस्तैद रहकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। हमारे घरों में जलने वाले दीपों के पीछे सैनिकों का त्याग और उनके परिवारों का समर्पण भी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने सैनिक परिवार से जुड़ी स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि उनके पिता सेना में थे और उन्होंने उन्हें देशसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के संस्कार दिए। पिता से गढ़वाल रेजीमेंट के वीर सैनिकों की शौर्यगाथाएं सुनने का उल्लेख करते हुए उन्होंने अमर शहीद जसवंत सिंह रावत के अदम्य साहस और 1962 के भारत-चीन युद्ध में नूरानांग मोर्चे पर दिए गए बलिदान को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाल रेजीमेंट का इतिहास साहस, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की गौरवगाथा है। उत्तराखंड की वीरभूमि ने हमेशा ऐसे सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने अमर शहीद जसवंत सिंह रावत सहित मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सैनिकों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य शक्ति और सामरिक क्षमता लगातार मजबूत हो रही है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, सेना के आधुनिकीकरण और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को भी महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान एवं कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। साथ ही शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था के तहत अनेक आश्रितों को सेवायोजित किया गया है। आवेदन की समय-सीमा भी दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष की गई है।

उन्होंने बताया कि देहरादून में निर्माणाधीन सैन्यधाम का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। यह धाम देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के शौर्य और त्याग का प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिक परिवारों की समस्याओं के समाधान और उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, उत्तराखंड सब एरिया के डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर आर.एस. थापा सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

About The Author

Check Also

मुख्यमंत्री ने मंगलौर में जन आशीर्वाद रैली को किया संबोधित, विकास कार्यों की घोषणाएं कीं

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *