चमोली: भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शनिवार देर शाम धाम के बामणी वन पंचायत क्षेत्र में एक बार फिर आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें जंगल के बड़े हिस्से में फैल गईं और धुएं का गुबार आसपास के क्षेत्र में दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
अलकनंदा वन प्रभाग की डीएफओ प्रियंका भी घटनास्थल पर पहुंचीं और अधीनस्थ कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वन विभाग की टीम ने कई घंटों तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। डीएफओ प्रियंका के अनुसार, बामणी वन पंचायत क्षेत्र में स्काई शॉट पटाखे के कारण आग लगने की घटना सामने आई थी। रात करीब 9:30 बजे से वन विभाग की टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में इन दिनों देश-विदेश से श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में धाम की पहाड़ियों पर बार-बार आग लगने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। लगातार हो रही घटनाओं से वन संपदा और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने आग लगने की घटनाओं की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी व्यक्ति की ओर से जानबूझकर आग लगाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, वन विभाग ने दीपावली के दौरान लोगों से आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि जंगलों और वन संपदा को आग से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
