देहरादून: विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु कपाट बंद होने के साक्षी बने।
कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच शीतकालीन गद्दीस्थल उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई।
अब आगामी छह माह तक भगवान केदारनाथ की नियमित पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालु शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की अच्छी संख्या रही। यात्रा सीजन में 19 लाख 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
