अर्धकुंभ-2027 के दौरान ट्रेन से हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हरिद्वार स्थित जीआरपी मुख्यालय में समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अर्धकुंभ मेले के दौरान फोर्स की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल के साथ ही रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकारियों के अलावा जीआरपी और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान रेल यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उन्हें सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए व्यापक योजना तैयार की जा रही है। इसके तहत टर्मिनस पॉइंट्स और बोर्डिंग-डीबोर्डिंग पॉइंट्स विकसित करने के साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने पर भी काम किया जा रहा है।
अर्धकुंभ के दौरान रेलवे परिसरों और प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त सुरक्षा बल और अन्य तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, मेले से पहले सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
