Breaking News

चम्पावत को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

Listen to this article

 देहरादून/चम्पावत, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जनपद को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इनमें से 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ ही सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में आयोजित यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को विस्तार मिलेगा।

टनकपुर-बनबसा में जलभराव की समस्या का होगा समाधान

मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान दोनों क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर काम जारी है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत ₹3,000 करोड़ से अधिक है।

पूर्णागिरि धाम में ₹45 करोड़ से बनेगा रोपवे

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा बनबसा में लगभग ₹502 करोड़ की लागत से लैंड पोर्ट परियोजना विकसित की जा रही है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ से बन रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर मिलेंगे।

इसके साथ ही लगभग ₹55.53 करोड़ की लागत से विज्ञान केंद्र की स्थापना और करीब ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जनपद में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उपलब्धियां हासिल करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम बस्टिया, टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) और ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए आधारभूत सुविधाओं का योजनाबद्ध तरीके से विस्तार किया जा रहा है। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, विभिन्न दर्जा राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

About The Author

Check Also

भ्रष्टाचार के खिलाफ धामी सरकार का सख्त रुख, छोटे कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक पर कार्रवाई

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *