Breaking News

श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, सीएम धामी ने की साइंस सिटी और आधुनिक घाटों के निर्माण की घोषणा

Listen to this article

 श्रीनगर, 23 नवंबर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों के निर्माण तथा श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की घोषणा की।

मेले में मुख्यमंत्री का पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर स्थित श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर माला मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। सरकार भ्रष्टाचार और नकल माफिया के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है।

श्रीनगर में विकास कार्यों को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वहीं, कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया है।

साइंस सिटी और आधुनिक घाटों की घोषणा

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही। इसके साथ ही विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। उन्होंने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

About The Author

Check Also

भ्रष्टाचार के खिलाफ धामी सरकार का सख्त रुख, छोटे कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक पर कार्रवाई

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *