देहरादून: उत्तराखंड में वन संरक्षण, वन प्रबंधन और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु ने मंगलवार को सचिवालय में वन विभाग के बजट और CAMPA के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। कम वित्तीय प्रगति वाले सर्किलों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी।

बैठक में CAMPA APO 2026-27 के तहत नवंबर से मार्च तक की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रतिपूरक वनीकरण, जल ग्रहण क्षेत्र उपचार और एकीकृत वन्यजीव प्रबंधन सहित विभिन्न योजनाओं में जारी धनराशि के सापेक्ष हुए खर्च का ब्योरा लिया गया। प्रमुख सचिव ने वनाग्नि की रोकथाम और नियंत्रण के लिए की जा रही तैयारियों का मदवार विवरण उपलब्ध कराने तथा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप फायर लाइन का अद्यतन वर्क प्लान जल्द प्रस्तुत करने को कहा।
प्रमुख सचिव ने CAMPA के लंबित कार्यों और बैकलॉग की समीक्षा करते हुए पिछले तीन वर्षों में प्राप्त धनराशि का वर्षवार विवरण मांगा। उन्होंने कहा कि उपलब्ध बजट और कार्यों की प्रगति का आकलन कर आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना तैयार की जाए। वहीं, कम वित्तीय प्रगति वाले सर्किलों की अलग से रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
वन विकास निगम की योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि राज्य सेक्टर योजना के तहत शासन से 236.05 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त हुई है, जिसके सापेक्ष अब तक 144.63 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। प्रमुख सचिव ने निगम की आय बढ़ाने के लिए तराई क्षेत्र के डिवीजनों के वर्क प्लान की समेकित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में इको-टूरिज्म और अवस्थापना विकास को भी प्राथमिकता दी गई। अधिकारियों ने बताया कि लोकार्ट से बिनसर महादेव वन क्षेत्र तक ट्रेक रूट, ट्रेल ओपनिंग, कैंपिंग स्थल और पक्षी आधारित पर्यटन से जुड़े प्रस्ताव तैयार कर लिए गए हैं। प्रमुख सचिव ने इन कार्यों को तत्काल शुरू करने और अगले 10 दिनों के भीतर इको-टूरिज्म से संबंधित टेंटेटिव रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मानव-वन्यजीव संघर्ष में प्रभावित लोगों को दी जाने वाली राहत राशि बढ़ाने की संभावनाओं पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में बढ़ाई गई आपदा राहत राशि के प्रावधानों का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। वहीं, चीड़ पिरूल के संग्रहण पर इसी सप्ताह विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई।
प्रमुख सचिव ने उत्तराखण्ड आपदा तैयारी एवं लचीलापन परियोजना (U-PREPARE) के लिए नोडल अधिकारी नामित कर दो दिन के भीतर आवश्यक कार्यवाही पूरी करने को कहा। साथ ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत धनराशि के उपयोग को लेकर दो परियोजना प्रस्ताव तैयार करने, गोहरी रेंज स्थित चौरासी कुटिया के पुनरोद्धार की समीक्षा के लिए अलग बैठक आयोजित करने और अन्य निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट आगामी सप्ताह तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में PCCF (HoFF) कपिल लाल, सीईओ CAMPA बी.के. गांगटे, एमडी वन निगम नीना ग्रेवाल, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, एपीसीसीएफ नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधक सुरेंद्र मेहरा सहित वन विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
