Wednesday , 25 November 2026
Breaking News

उत्तराखंड में दीपावली की धूम, बाजारों में रौनक तो गांवों में निभाई जा रहीं सदियों पुरानी परंपराएं

Listen to this article

उत्तराखंड में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दीपावली के विविध रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं बाजारों में खरीदारी की रौनक है, तो कहीं गांवों में सदियों पुरानी परंपराओं को पूरी श्रद्धा के साथ निभाया जा रहा है।

अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र के मौलेखाल, भतरौजखान सहित विभिन्न बाजारों में दीपावली को लेकर खासा उत्साह है। लोग मिठाइयों, पूजा सामग्री और पटाखों की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट है। मरचूला, मौलेखाल, मोहान और भतरौजखान में चेकिंग और गश्त की जा रही है। प्रशासन ने पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थानों पर ही करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, पौड़ी जिले के पोखड़ा ब्लॉक के बोरगांव में दीपावली पर बग्वाल की परंपरा निभाई गई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गोवंशों की पूजा-अर्चना की और उन्हें पारंपरिक भोजन कराया। ग्रामीणों के अनुसार, गौपूजा की यह परंपरा सदियों पुरानी है, जिसे आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया जा रहा है।

पहाड़ों में दीपावली का पर्व पारंपरिक पकवानों और आपसी मेल-मिलाप के साथ भी मनाया जा रहा है। पूजा-अर्चना के बाद घरों में स्वाले और पकौड़े बनाए जा रहे हैं और इन्हें गांव के लोगों में बांटा जा रहा है। खास बात यह है कि दिल्ली-एनसीआर सहित अन्य शहरों में रहने वाले प्रवासी भी त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव पहुंच रहे हैं।

प्रवासियों के गांव लौटने से पहाड़ के गांवों में रौनक बढ़ गई है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और पारंपरिक खानपान से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। इस तरह उत्तराखंड में दीपावली रोशनी और उल्लास के साथ-साथ लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संजोने का पर्व भी बन रही है।

About The Author

Check Also

हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram   हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *