Wednesday , 25 November 2026
Breaking News

रैबार उत्तराखण्ड @26 : मिशन 2047 में सीएम धामी ने प्रबुद्धजनों से किया संवाद, विकसित उत्तराखण्ड का रोडमैप किया साझा

Listen to this article

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के आईआरडीटी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘रैबार उत्तराखण्ड @26 : मिशन 2047’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों, विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उद्यमियों और बुद्धिजीवियों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य, राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की विकास योजनाओं पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने विभिन्न प्रश्नों के जवाब देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं, आधारभूत ढांचे का विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण भी शामिल है। सरकार का प्रयास है कि राज्य की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप विकास का ऐसा मॉडल तैयार किया जाए, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

समान नागरिक संहिता से महिला सशक्तिकरण तक

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को सामाजिक समानता और महिला अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड स्वतंत्रता के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके माध्यम से विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे मामलों में सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार और कानूनी संरक्षण उपलब्ध कराना विकसित समाज की महत्वपूर्ण पहचान है।

स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाएगा हाउस ऑफ हिमालयाज

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस ब्रांड के माध्यम से उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों, किसानों, महिला उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। पहाड़ी अनाज, दालें, शहद, मसाले, औषधीय उत्पाद और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का लक्ष्य है।

राष्ट्रीय खेलों से खेल अधोसंरचना को मिली मजबूती

मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों से उत्तराखण्ड में खेल अधोसंरचना का विस्तार हुआ है और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ है। सरकार नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और प्रोत्साहन दे रही है। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में अवसर देने की व्यवस्था भी की गई है।

एप्पल मिशन और महक क्रांति से किसानों को नए अवसर

कृषि और बागवानी क्षेत्र की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने एप्पल मिशन और महक क्रांति नीति को किसानों की आय बढ़ाने के महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाली पौध, सघन बागवानी, भंडारण, ग्रेडिंग और विपणन सुविधाओं के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, लेमनग्रास, मिंट, डेमस्क रोज और अन्य सुगंधित फसलों की खेती को बढ़ावा देकर किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, पॉलीहाउस और ऑफ सीजन सब्जी उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन, स्टार्टअप, एमएसएमई, कृषि प्रसंस्करण और सेवा क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं।

पर्यटन और सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के साथ शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने मानसखंड मंदिर माला मिशन, होमस्टे योजना, इको टूरिज्म और साहसिक पर्यटन के जरिए प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार पर जोर दिया। साथ ही सीमांत गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता थी। केंद्र सरकार, तकनीकी विशेषज्ञों, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यह अभियान सफल हुआ। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने संकट के समय प्रशासनिक तत्परता, संवेदनशीलता और सामूहिक प्रयासों के महत्व को प्रदर्शित किया।

शिक्षा, कनेक्टिविटी और निवेश से विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं और कौशल विकास को विकसित उत्तराखण्ड की महत्वपूर्ण जरूरत बताया। उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे और हेली सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से उद्योग, ऊर्जा, पर्यटन, स्वास्थ्य और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को मजबूत करने की जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित उत्तराखण्ड का लक्ष्य जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही साकार होगा। उन्होंने प्रबुद्धजनों, युवाओं, उद्यमियों, प्रवासियों और प्रदेशवासियों से अपने अनुभव और सुझाव साझा कर राज्य की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

About The Author

Check Also

हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram   हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *