Wednesday , 25 November 2026
Breaking News

हरिद्वार में एक दांत वाले हाथी की मौत, रेडियो कॉलर लगाने के लिए किया गया था ट्रेंकुलाइज

Listen to this article

हरिद्वार: हरिद्वार के देवपुरा बीट में एक दांत वाले करीब 55 वर्षीय जंगली हाथी की मौत हो गई। निर्माणाधीन रिंग रोड के पास जंगल में हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। हाथी पिछले करीब दो सप्ताह से जगजीतपुर क्षेत्र के आसपास आबादी और कृषि भूमि में लगातार आवाजाही कर रहा था। मानव-हाथी संघर्ष की आशंका को देखते हुए वन विभाग की हाथी मॉनिटरिंग टास्क फोर्स उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

वन विभाग के अनुसार, छह नवंबर को हाथियों को रेडियो कॉलर लगाने के लिए गठित विशेष टास्क फोर्स ने इस हाथी को विशेषज्ञों की निगरानी में ट्रेंकुलाइज किया था। टीम में भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII), WWF के वैज्ञानिक, वन विभाग के अधिकारी और अनुभवी वन्यजीव पशु चिकित्सक शामिल थे। ट्रेंकुलाइज किए जाने के बाद हाथी की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

हाथी की स्थिति बिगड़ने पर टीम ने तत्काल ऑक्सीजन, सीपीआर, रिवर्सल औषधि और अन्य आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। उसे बचाने के लिए विशेषज्ञों ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पशु चिकित्साधिकारियों ने हाथी को मृत घोषित कर दिया।

मृत हाथी का स्वतंत्र पशु चिकित्सक विशेषज्ञों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक जांच में हाथी के हृदय में मायोकार्डियल फाइब्रोसिस और कार्डियोमायोपैथी जैसे गंभीर विकार पाए गए हैं। वन विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया हृदय संबंधी विकार को मौत का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध के अनुसार, हाथी की बाहरी स्थिति सामान्य दिखाई दे रही थी, लेकिन आंतरिक परीक्षण में हृदय संबंधी गंभीर बीमारी सामने आई। उन्होंने बताया कि इस तरह के विकार का केवल बाहरी निरीक्षण से पता लगाना संभव नहीं था। हाथी को बचाने के लिए वन विभाग, WII, WWF और पशु चिकित्सकों की संयुक्त टीम ने सभी आवश्यक प्रयास किए।

रेडियो कॉलर लगाने के लिए चिह्नित किए गए हैं 18 हाथी

वन विभाग के अनुसार, हरिद्वार में आबादी वाले क्षेत्रों में आवाजाही करने वाले हाथियों की निगरानी और मानव-हाथी संघर्ष की आशंका कम करने के लिए रेडियो कॉलरिंग की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके तहत विशेष टास्क फोर्स ने अब तक 18 हाथियों को चिह्नित किया है। इनमें से छह हाथियों को रेडियो कॉलर लगाने की योजना थी। इसी क्रम में विशेषज्ञों की टीम हरिद्वार पहुंची थी।

मृत हाथी पिछले करीब दो सप्ताह से जगजीतपुर क्षेत्र के आसपास लगातार आबादी और कृषि भूमि में पहुंच रहा था। कई बार उसने फेंसिंग तोड़कर बस्ती की ओर भी रुख किया था। उसकी गतिविधियों के कारण मानव-हाथी संघर्ष की आशंका बनी हुई थी। इसी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी।

About The Author

Check Also

हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram   हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *