Wednesday , 25 November 2026
Breaking News

मुख्यमंत्री धामी ने ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का किया शुभारंभ, 102.72 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगात

Listen to this article

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रूप से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोकसंस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने यहां की संस्कृति और परंपराओं को करीब से देखा है। सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से युवाओं के लिए स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। जौलजीबी जैसे मेले सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी भी ली। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों ने सहभागिता की। साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी और भारत-नेपाल के नागरिक मौजूद रहे।

About The Author

Check Also

हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram   हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *