देहरादून: तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनसे संवाद किया और उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। वे देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा और कार्यक्षमता से प्रदेश का नाम रोशन करने के साथ ही उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत के संवाहक भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासियों के अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार से राज्य के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी अगली पीढ़ी को मातृभूमि की भाषा, बोली, लोकगीतों और परंपराओं से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहना और पैतृक गांवों के विकास में योगदान देना मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अपने गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय रोजगार और रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने में सहायक होंगे।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित समारोह में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों ने देवभूमि की सांस्कृतिक छटा बिखेरी। विशेष रूप से मां नंदा देवी और नंदा राजजात पर आधारित भव्य प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रस्तुति के माध्यम से उत्तराखण्ड की आस्था, लोकविश्वास और सांस्कृतिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं प्रदेश की आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक हैं। राज्य सरकार उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश के साथ अपना आत्मीय जुड़ाव बनाए रखते हुए विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
