देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों, सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, आपदा राहत कार्यों और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए कुल 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि से प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मरचूला-स्याल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ रुपये और रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 6.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 से 16 तक सुदृढ़ीकरण के लिए 7.29 करोड़ रुपये तथा चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 36.12 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं, बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में रिखाड़ी-बाछम (कर्मी से विनायकधार) मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 9.86 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा हरिद्वार में बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टरों में अस्थायी पेयजल व्यवस्था के लिए 3.68 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत अस्थायी पाइपलाइन, स्टैंड पोस्ट, पीवीसी टैंक, जल संयोजन और वाटर फिल्टर स्थापित करने के साथ ही संबंधित कार्य एवं रखरखाव किया जाएगा।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मिलेगी गति
कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत हरिद्वार में वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो के साथ म्यूजिकल फाउंटेन की डिजाइनिंग, आपूर्ति, स्थापना एवं कमीशनिंग के लिए 4.43 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही भीमगोड़ा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के लिए 3.43 करोड़ रुपये और शिव मूर्ति चौक से आर्य नगर चौक तक सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 7.35 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
कुंभ एवं अर्द्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं के लिए मशीन, उपकरण, सज्जा एवं संयंत्रों की खरीद के लिए पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर रखी गई 10 करोड़ रुपये की धनराशि को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
आपदा प्रभावितों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत एवं अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के लिए 18 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित करने का अनुमोदन भी प्रदान किया है।
इन स्वीकृतियों से प्रदेश में सड़क एवं पेयजल सुविधाओं के विस्तार, आपदा प्रभावितों को राहत और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
