Breaking News

उत्तराखंड में जनगणना-2027 की तैयारियां पूरी, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी टीम; 16 नवंबर से ऑनलाइन स्व-गणना शुरू

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग प्रगणकों के घर पहुंचने से पहले आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंग

जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव और सचिव जनगणना दीपक कुमार ने बताया कि प्रदेश में जनगणना के सफल संचालन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। उत्तराखंड में कुल 34,443 गणना ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इनके लिए 26,830 प्रगणक और 4,676 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, अब तक 29,515 प्रगणकों और 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण कार्य के लिए 23 मास्टर ट्रेनर और 570 फील्ड ट्रेनर तैनात किए गए हैं। प्रदेश में अब तक कुल 712 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जा चुके हैं।

परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़े 40 बिंदुओं पर मिलेगी जानकारी

जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित जानकारी निर्धारित परिवार अनुसूची के माध्यम से एकत्र करेंगे। इसमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, आर्थिक गतिविधियां, व्यवसाय, जन्म स्थान और प्रवास से जुड़े विवरण सहित कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी।

इसके अतिरिक्त निर्धारित प्रावधानों के अनुसार बैंक खातों की संख्या और मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट तथा ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी एकत्र की जाएगी।

5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि होगी संदर्भ तिथि

जनगणना-2027 के लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि यानी 00:00 बजे निर्धारित की गई है। घर-घर जनसंख्या गणना का कार्य 4 जनवरी तक चलेगा, जबकि 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा।

आंकड़ों की गोपनीयता के लिए डिजिटल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्र किए जाने वाले सभी व्यक्तिगत आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। इनका इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय और जनहित से जुड़े उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मजबूत एन्क्रिप्शन और बहुस्तरीय प्रमाणीकरण जैसी आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रहे।

सहायता के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर

जनगणना से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए नागरिकों को व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 18001801855, 9456120332 और 9456551589 उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1855 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

अधिकारियों ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और प्रगणकों के घर पहुंचने पर सभी प्रश्नों के सही एवं पूर्ण उत्तर दें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े आगामी दशक में विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत निर्णयों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्रेस वार्ता में जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक एस.एस. नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, उप निदेशक आर.के. बनवारी, सहायक निदेशक संजीव कुमार, वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी अंजू आजाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

About The Author

Check Also

मुख्यमंत्री ने मंगलौर में जन आशीर्वाद रैली को किया संबोधित, विकास कार्यों की घोषणाएं कीं

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *