देहरादून: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड के काशीपुर और रुद्रपुर ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। काशीपुर को प्रदेश में प्रथम स्थान और रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में पहला पुरस्कार मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुशी जताते हुए दोनों नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री आवास में महापौरों ने दी उपलब्धियों की जानकारी

गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर के महापौर दीपक बाली और रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में दोनों शहरों को मिली उपलब्धियों की जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से दोनों नगर निकायों को सम्मानित किया गया।
स्वच्छता जनभागीदारी से ही बनेगी जनआंदोलन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर को मिला सम्मान पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। यह जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है।
सीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। इसके लिए कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, आधुनिक स्वच्छता सुविधाओं का विकास और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई जरूरी है।
अन्य नगर निकायों से भी बेहतर प्रदर्शन की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य नगर निकायों से काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, नवाचार और जनभागीदारी से उत्तराखंड के शहर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में देश के लिए आदर्श उदाहरण बन सकते हैं।
इस अवसर पर शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे और सचिव नितेश झा भी उपस्थित रहे।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
