मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार के धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संत रविदास जी के विचारों एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी महाराज ने समाज को समानता, समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए प्रदेश सरकार सामाजिक एकता और समानता के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। इसके माध्यम से राज्य के सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। इसी उद्देश्य से सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है।

उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनसे अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। वहीं, पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति बहुल गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत दंपत्तियों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है। इसके अलावा शादी अनुदान योजना के माध्यम से पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की सहायता सीधे उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा और सम्मानजनक रोजगार के लिए संचालित नमस्ते योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से सफाई कार्यों में लगे लोगों को असुरक्षित सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई से मुक्त करने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार संत रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा को सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरी महाराज, महंत अरुणदास जी महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह, गजेंद्र यादव, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
