देहरादून। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में हुए भीषण अग्निकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। आग की चपेट में आने से कई आवासीय भवन जलकर नष्ट हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
अग्निकांड की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से घटना और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक राहत सामग्री की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने को भी कहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने और प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
