Wednesday , 25 November 2026
Breaking News

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सपरिवार की जनगणना-2027 के दूसरे चरण की स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की भागीदारी की अपील

Listen to this article

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज किए। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तराखण्ड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी जरूरी है। इससे विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया में लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होने के साथ ही सूचनाओं के संकलन में भी सुगमता आएगी।

उन्होंने प्रदेशवासियों से निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी करने और जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक परिवार की सहभागिता से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इन आंकड़ों के आधार पर आने वाले वर्षों में प्रदेश की विकास संबंधी जरूरतों को समझने और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

गौरतलब है कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तराखण्ड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर, 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे।

इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखण्ड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, राजू कुमार बनवारी और सहायक निदेशक संजीव कुमार उपस्थित रहे।

About The Author

Check Also

हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram   हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *