Wednesday , 25 November 2026
Breaking News

उत्तराखंड में मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा का बढ़ा दायरा, MBBS की 1700 सीटें उपलब्ध

Listen to this article

धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल में शुरू हुए तीन नए मेडिकल और तीन नर्सिंग कॉलेज, स्वास्थ्य योजनाओं के लिए 225 करोड़ रुपये का प्रावधान

देहरादून: उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ चिकित्सा और नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में भी विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में प्रदेश को तीन नए राजकीय मेडिकल कॉलेज और तीन राजकीय नर्सिंग कॉलेजों की सौगात मिली है। इससे युवाओं के लिए मेडिकल और नर्सिंग की पढ़ाई के अवसर बढ़े हैं। वर्तमान में प्रदेश में सरकारी और निजी संस्थानों को मिलाकर एमबीबीएस की करीब 1700 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि नर्सिंग पाठ्यक्रमों की कुल सीटें बढ़कर 11,495 हो गई हैं।

प्रदेश में वर्तमान में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें देहरादून, हल्द्वानी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार शामिल हैं। इनमें अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार मेडिकल कॉलेज की शुरुआत धामी सरकार के कार्यकाल में हुई है। इन छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल 675 सीटें हैं। वहीं, रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यहां 100 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिलने के बाद सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़कर 775 हो जाएगी। इसके अलावा निजी मेडिकल कॉलेजों में 900 और एम्स ऋषिकेश में 125 सीटें उपलब्ध हैं।

नर्सिंग शिक्षा में भी हुआ विस्तार

प्रदेश में नर्सिंग शिक्षा के विस्तार पर भी सरकार ने जोर दिया है। जुलाई 2021 के बाद तीन नए राजकीय नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए गए हैं। इनके शुरू होने से बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में 321 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में राजकीय नर्सिंग संस्थानों में 879 और निजी संस्थानों में 10,616 सीटें उपलब्ध हैं। इस तरह प्रदेश में नर्सिंग शिक्षा की कुल क्षमता 11,495 सीटों तक पहुंच गई है।

नर्सिंग शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके तहत वर्ष 2023 में जापान में दो बैचों के 60 अभ्यर्थियों और वर्ष 2025 में जर्मनी में 13 अभ्यर्थियों को रोजगार मिला।

स्वास्थ्य योजनाओं के लिए 225 करोड़ रुपये का प्रावधान

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने अनुपूरक बजट में 225 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसमें अटल आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ रुपये और राज्य कर्मचारियों की गोल्डन कार्ड योजना के लिए 125 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इन योजनाओं के माध्यम से आम जनता और राज्य कर्मचारियों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करीब 160 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस धनराशि से पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों के साथ नर्सिंग कॉलेजों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का संकल्प प्रदेश के हर क्षेत्र तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। तीन नए मेडिकल और तीन नर्सिंग कॉलेजों की शुरुआत इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान और गोल्डन कार्ड योजनाओं के माध्यम से कैशलेस उपचार सुनिश्चित करने के साथ चिकित्सा संस्थानों के बुनियादी ढांचे को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है।

About The Author

Check Also

हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram   हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *