Wednesday , 25 November 2026
Breaking News

मुख्यमंत्री धामी ने किया 74वें गौचर मेले का शुभारंभ, सिमली अस्पताल के समाधान के लिए कमेटी गठित करने का ऐलान

Listen to this article

 चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जिले के गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति की झलक पेश की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुए इस आयोजन का ऐतिहासिक महत्व रहा है। कभी भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा गौचर आज औद्योगिक और सांस्कृतिक मेले के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुका है।

उन्होंने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर देता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री ने चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों जैसे स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए शुरू किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हों। इसके लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन, होमस्टे, फिल्म और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने और पलायन रोकने की दिशा में काम किया जा रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय पर भी सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने इसके समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने और सभी संबंधित पक्षों को सुनने की बात कही। वहीं, क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना और 4.59 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली भगवान बदरी विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। इस क्षेत्र का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम सड़क परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे क्षेत्र में कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

About The Author

Check Also

हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram   हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *