Wednesday , 25 November 2026
Breaking News

बागेश्वर में पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ, विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए ₹1 करोड़ की घोषणा

Listen to this article

बागेश्वर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के 240 चयनित बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर रहे हैं।

विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा

मुख्यमंत्री ने सीमांत जनपद विज्ञान महोत्सव एवं संबंधित कार्यक्रमों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने राज्य की STEM लैब्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने, सभी विकासखंडों में लैब ऑन व्हील्स स्थापित करने की दिशा में कार्य करने और प्रदेश के सभी जनपदों में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की।

AI, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक से जुड़ेंगे विद्यार्थी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यालयों में विज्ञान एवं तकनीक आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित कर रही है। विद्यार्थियों को AI, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक से जोड़कर भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं के लिए तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं के उत्तर दिए और उन्हें नए विचारों पर काम करने, सवाल पूछने तथा निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि आज के बाल वैज्ञानिक भविष्य में देश के प्रमुख वैज्ञानिक, इंजीनियर और शोधकर्ता बनेंगे। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

साइंस सिटी और साइंस सेंटर किए जा रहे विकसित

मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के माध्यम से प्रदेश में नवाचार, सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और स्मार्ट कृषि को बढ़ावा दिया जा रहा है। देहरादून में साइंस सिटी और चंपावत में साइंस सेंटर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यालयी शिक्षा में आधुनिक तकनीक के समावेश, रोबोटिक्स एवं ड्रोन तकनीक को बढ़ावा देने और महिला विकास एवं विज्ञान विषय पर सम्मेलन आयोजित करने की बात भी कही।

स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर रही है। इसके साथ ही कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन, मौन पालन और होमस्टे जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।

महोत्सव के दौरान विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों कविता हरकोटिया, दीप चंद जोशी, हरिमोहन ऐठाणी और ख्याली दत्त को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बाल वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

About The Author

Check Also

हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

Listen to this article 🟢 WhatsApp 🔵 Facebook ✈ Telegram   हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *