देहरादून। उत्तराखंड में भूकंप के प्रति आमजन को जागरूक करने और राज्य में स्थापित भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के सायरन एवं सेंसरों का परीक्षण करने के लिए 9 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे राज्यभर में भूकंप का सायरन बजाया जाएगा। यह सायरन किसी वास्तविक भूकंप की सूचना नहीं होगा, बल्कि प्रणाली के परीक्षण और जनजागरूकता के उद्देश्य से बजाया जाएगा।
सायरन परीक्षण को लेकर गुरुवार को लोगों को ‘भूदेव’ मोबाइल ऐप के माध्यम से अलर्ट भी प्राप्त हुआ

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि परीक्षण के दौरान लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराया जाएगा, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में लोग सायरन को पहचान सकें और घबराने के बजाय आवश्यक सावधानी बरत सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। 9 अक्टूबर को सायरन बजाकर इनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर सायरन या प्रणाली में तकनीकी समस्या पाई जाती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा के समय चेतावनी प्रणाली प्रभावी ढंग से काम कर सके।
दोगुनी की जाएगी सेंसर और सायरन की संख्या
सचिव ने बताया कि राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत किया जा रहा है। सायरन और सेंसरों की संख्या को दोगुना किया जाएगा। लगभग 5 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर सेंसर और सायरन स्थापित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
यूएसडीएमए और आईआईटी रुड़की के सहयोग से अतिरिक्त सेंसर स्थापित करने का प्रस्ताव भी गतिमान है। इससे भूकंपीय गतिविधियों की निगरानी और समय पर चेतावनी देने की क्षमता को और मजबूत किया जा सकेगा।
भूदेव ऐप पर भी मिलेगा परीक्षण अलर्ट
सायरन परीक्षण के साथ भूदेव मोबाइल ऐप उपयोगकर्ताओं के मोबाइल फोन पर परीक्षण चेतावनी संदेश, वाइब्रेशन और बीप-बीप की ध्वनि भी प्राप्त होगी। सचिव ने आमजन से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन में भूदेव ऐप का अपडेटेड वर्जन इंस्टॉल या अपडेट रखें और ऐप को लोकेशन की अनुमति हमेशा के लिए प्रदान करें, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में चेतावनी समय पर प्राप्त हो सके।
उन्होंने लोगों से विशेष अपील करते हुए कहा कि 9 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे सायरन बजने पर किसी प्रकार की घबराहट या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न करें। यह पूर्व निर्धारित परीक्षण है। इसका उद्देश्य लोगों को भयभीत करना नहीं, बल्कि उन्हें भूकंप के प्रति जागरूक, सतर्क और तैयार करना तथा चेतावनी प्रणाली की कार्यप्रणाली को नियमित रूप से परखना है।
USDMA की आमजन से अपील
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि प्रत्येक माह की 9 तारीख को पूर्वाह्न 11 बजे सायरन बजने पर घबराएं नहीं। यह सायरन भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के नियमित परीक्षण और जनजागरूकता के लिए बजाया जाएगा।
uttarakhand-breaking A Hindi Web news Portal
